आजम खां से मिलने गाजियाबाद जेल पहुंचे शिवपाल यादव, बोले- लगातार हो रहा उत्पीड़न

शिवपाल यादव ने कहा -2027 में सरकार बनी तो खत्म करेंगे जाली से मुलाकात की व्यवस्था

गाजियाबाद।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव बृहस्पतिवार को गाजियाबाद जिला कारागार पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की। मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने प्रदेश सरकार और शासन-प्रशासन पर आजम खां का लगातार उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजम खां के खिलाफ लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और अब उन्हें न्यायालय से ही न्याय मिलने की उम्मीद है।  शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खां का दोष सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों को शिक्षा देने के उद्देश्य से एक विश्वविद्यालय की स्थापना की। चार बार मंत्री और दो बार सांसद रह चुके आजम खां के मामले में जेल के बुनियादी नियमों और प्रोटोकॉल का भी पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में मुलाकात के दौरान जाली लगाकर बातचीत कराई गई, जो सीधे तौर पर प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। शासन-प्रशासन लगातार उनके साथ ज्यादती कर रहा है। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है और आजम खां के साथ पार्टी के संबंध पहले की तरह बने रहेंगे।
2027 में सरकार बनने पर खत्म करेंगे जाली से मुलाकात की व्यवस्था: शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के खिलाफ है। समाज का हर वर्ग मौजूदा सरकार से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर जेलों में मुलाकात के दौरान जाली लगाने की व्यवस्था को खत्म किया जाएगा। विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रहेगा। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन की घोषणा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों का उद्देश्य भाजपा को सत्ता से हटाना नहीं है।
अयोध्या में अखिलेश यादव के दौरे पर बोले- भगवान सबके हैं: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर उठ रहे विरोध के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि कोई विरोध नहीं कर रहा है, बल्कि भाजपा साजिश कर रही है। भगवान कण-कण में हैं और सभी को मंदिर जाने का अधिकार है।
रामपुर जेल से रिहाई के समय ईडी ने किया था गिरफ्तार: 
गौरतलब है कि सपा नेता आजम खां को अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद 30 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा किया जाना था। हालांकि, जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। ईडी की टीम उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गई, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को जेल से रिहाई मिल गई। इसके बाद से आजम खां गाजियाबाद जिला कारागार में बंद हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने