गाजियाबाद में बनेगा 1.25 KM लंबा नया फ्लाईओवर, 150 करोड़ की आएगी लागत

दूधेश्वर मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण जल्द, खोड़ा में जलापूर्ति के लिए डीपीआर तैयार: जिलाधिकारी

गाजियाबाद। शहर के विकास को गति देने के लिए शासन स्तर पर भेजे गए कई प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्ट्रेट के सामने हापुड़ चुंगी पर 1,250 मीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इस फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 150 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसके लिए शासन से धनराशि की सहमति बन चुकी है। 

इसके अलावा लोनी से दिल्ली-सहारनपुर रोड के सुधार कार्य के लिए भी शासन ने 32 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस परियोजना के अंतर्गत सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य कराया जाएगा। साथ ही सड़क के किनारे से गुजरने वाले लगभग 10.5 किलोमीटर लंबे नाले का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर का कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा। यह परियोजना श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ शहर की सुंदरता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। 

उन्होंने यह भी बताया कि खोड़ा क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए जल निगम द्वारा डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करा ली गई है। डीपीआर पर आगे की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सकेगी। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था, जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने