डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा- भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट की नगर जोन सर्विलांस टीम ने मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। विभिन्न थानों के सहयोग से चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 150 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि नगर जोन के विभिन्न थानों में सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन चोरी, स्नैचिंग व मोबाइल फोन खोने की शिकायत दर्ज थी। इसके तहत थानों और स्वाट टीम ने सर्विलांस एवं मैनुअल इनपुट की सहायता से अलग-अलग कंपनियों के 150 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह मोबाइल फोन दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की कीमत 35 लाख रुपये है। शुक्रवार को डीसीपी नगर ने बरामद मोबाइल फोनों के स्वामियों को पुलिस लाइन पर बुलाकर उन्हें मोबाइल फोन सुपुर्द किए । वहीं, पीड़ितों का कहना है कि वह अपने गुम और लूटे गए मोबाइल फोन को मिलने की आस छोड़ चुके थे लेकिन पुलिस ने नई तकनीकी के जरिए मोबाइल फोन खोजकर वापस कर दिए।डीसीपी ने बताया कि लूट और चोरी के मोबाइल खरीदने वालों से पूछताछ के आधार पर मोबाइल फोन लुटेरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। नगर कोतवाली ने 42, विजयनगर ने 36, सिहानी गेट ने 16, नंदग्राम ने 23, कविनगर ने 6, मधुबन बापूधाम ने 19 और थाना साइबर की टीम ने आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी जानकारी साझा करें, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रेस कर वापस दिलाया जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Tags
गाजियाबाद