10.40 लाख रुपये नकद, एक कार, दो फोन, पीड़ित की स्कूटी और अपराध में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद
नई दिल्ली: उत्तर पश्चिम दिल्ली में 36 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से 10.40 लाख रुपये नकद, एक कार, दो फोन पीड़ित की स्कूटी और अपराध में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. डीसीपी भीसम सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान नितेश, मोहम्मद इरफान, अमन, मनीष उर्फ डॉन, प्रिंस उर्फ आवारा और अरशद के रूप में हुई है. इनमें से कई आरोपी पहले भी हत्या, स्नैचिंग, वाहन-चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में शामिल रह चुके हैं. उन्होंने बताया कि घटना 28 नवंबर की है, जब रोशन लाल नामक व्यक्ति अपने एम्प्लॉयर के लिए 36 लाख रुपये लेकर स्कूटी से रोहिणी जा रहा था. इस दौरान मुकुंदपुर फ्लाईओवर के पास दो मोटरसाइकिल पर आए छह बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसपर चाकू से कई वार कर नकदी से भरा बैग और उसकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए. घायल पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घटना के बाद थाना जहांगीरपुरी में मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया. अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया इनपुट के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई. सबसे पहले चार आरोपियों को पकड़ा गया, जिनसे अपराध की रकम से खरीदे गए दो आईफोन बरामद हुए. उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार किए गए. पूछताछ में पता चला कि आरोपी नितेश गांधी नगर में ड्राइवर है और उसे यह जानकारी थी कि पीड़ित नियमित रूप से भारी रकम लेकर जाता है. उसी ने यह सूचना इरफान को दी और दोनों ने बाकी साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई. शेष रकम की बरामदगी और आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच जारी है.
Tags
दिल्ली