गिरफ्तार बदमाशों ने लूट के बाद दुकानदार पर चलाई थी गोली
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं. ये वही बदमाश हैं जिन्होंने बुधवार को एक दुकानदार पर लूट के बाद गोली चलाई थी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डीसीपी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में फरार ये दोनों अपराधी मोटरसाइकिल पर अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर नरेला पुलिस टीम ने एनआईटी के पास चेकिंग शुरू कर दी. चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने एमआईटी रोड से आ रही एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे मोटरसाइकिल सहित जमीन पर गिर गए. पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल, पांच खाली कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चंदन उर्फ काकू हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामलों में संलिप्त है, जबकि अफजल उर्फ इमरान के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला, पोक्सो एक्ट, लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं. घायल बदमाशों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बीएसए अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालने और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Tags
दिल्ली