साहिबाबाद: आर्यन एकेडमी में श्रद्धाभाव से याद किए गए महापुरूष

आर्यन एकेडेमी जूनियर हाई स्कूल में भारतरत्न महामना पं. मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी का जयंती पर्व मनाया 


साहिबाबाद। श्याम पार्क मेन कॉलोनी में स्थित आर्यन एकेडेमी जूनियर हाई स्कूल के लाजपतराय महाविद्यालय के यशस्वी प्राचार्य स्व. डॉ. बी. एस. त्यागी स्मृति हॉल में भारतरत्न महामना पं. मदन मोहन मालवीय और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जयंती-पर्व बड़ी गरिमा व सादगी के साथ संयुक्त रूप से मनाया गया। इस जयंती-पर्व का आयोजन रामकली-प्यारेलाल जनसेवा पीठ और कॉलोनी के आरडब्ल्यूए समिति ने किया। उल्लेखनीय और संयोग की बात है कि देश व प्रदेश की सुप्रतिष्ठित बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना मालवीय जी को देश की सर्वोच्च उपाधि भारतरत्न अटल बिहारी जी के प्रधानमंत्रीकाल में अर्पित की गई और दोनों महान आत्माओं की जन्म तिथि एक ही है। 
आयोजक संस्थाओं ने इस महत्वपूर्ण आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर बनारस विश्वविद्यालय से पुस्तकालय-विज्ञान के स्नातक और लाजपतराय डिग्री कॉलेज, साहिबाबाद से अवकाशप्राप्त पुस्तकालयाध्यक्ष सुभाष चंद्र त्यागी और इसी कॉलेज की रसायन-विज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ. नीलम त्यागी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित रहे। आयोजन में मुख्य-वक्ता के रूप में ‘वाल्मीकि पुरस्कार’ से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सम्मानित हिन्दी-संस्कृत के प्रख्यात लेखक डॉ. विशनलाल गौड़ आमंत्रित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान ने की। कार्यक्रम संचालक की भूमिका संजीव गौड़ ने निभाई। 
इस अवसर पर पं. मदन मोहन मालवीय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को देश के अनूठे सपूत बताते हुए डॉ. विशनलाल गौड़ ने अपनी पुष्पांजलि अर्पित करते हुए; दोनों को देश की ऐसी अद्भुत और महान विभूति बताया जिनके सम्मान में माल्यार्पण करने से उलटे जैसे माला का ही मान बढ़ जाता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. नीलम त्यागी ने जयंती पर्व के अवसर पर दोनों महान आत्माओं के प्रति अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए कार्यक्रम में मौजूद स्कूल के बच्चों को दोनों विभूतियों से प्रेरणा ग्रहण करने की शिक्षा दी। डॉ. नीलम ने स्त्री के रूप में अपनी मिसाल देते हुए कहा कि देश के हर नागरिक को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ समाज को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र त्यागी ने बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी में अपने छात्र जीवन याद करते हुए बताया कि जब 1972 में उन्होंने बनारस से अपनी पुस्तकालय विज्ञान की स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। जीविकोपार्जन के लिए वर्ष 1979 में लाजपतराय कॉलेज में पुस्तकालयाध्यक्ष पद नियुक्ति के लिए कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा; और इस उपलब्धि का कारण विश्वविख्यात बनारस विश्वविद्यालय शिक्षा जगत में प्रतिष्ठा बताया। आज भी बनारस यूनिवर्सिटी के स्नातक स्कालर को पूरे विश्व में बहुत ही सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। श्री सुभाष त्यागी जी ने बताया कि महामना मालवीय और वाजपेयी के जीवन में बहुत सारी समानताएँ थीं और दोनों ही देश के सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ के लिए सर्वथा योग्य पात्र हैं। अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में सत्यपाल सिंह चौहान ने दोनों व्यक्तित्वों को महान विभूति बताया और छात्रों को दोनों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्श वाक्यों व संस्मरणों को अपने जीवन में आत्मसात करने की जरूरत पर बल दिया। 
इस पावन अवसर पर दोनों आयोजक संस्थाओं ने मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र त्यागी को ‘सरस्वती जगत के प्रति सेवा भाव हेतु’ एवं डॉ. नीलम त्यागी को ‘रसायन-विज्ञान की हठधर्मी सोम्यमूर्ति’ हेतु प्रमाण-पत्र और प्रतीक चिन्ह अर्पित कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि सितंबर,2025 में उत्तर-प्रदेश पुस्तकालय संघ ने अपने लखनऊ महासम्मेलन के आयोजन में सुभाष चंद्र त्यागी को विशेष रूप से लखनऊ आमंत्रित सम्मानित किया है। कार्यक्रम के अंत में अतिथि सुभाष त्यागी और डॉ. नीलम त्यागी ने श्याम पार्क मेन कॉलोनी आरडब्ल्यूए की ओर से संस्था के मुख्यालय के गेट पर जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए।   
इस जयंती पर्व के अवसर पर श्याम पार्क मेन आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष सतीश सिंह, हरीश शर्मा, सदस्य राजेश तोमर, सुनील रस्तोगी, जया गुप्ता, भावना शर्मा, एडवोकेट दीपक सिन्हा, एडवोकेट ए. के. शर्मा, महेश शर्मा, अखिलेश यादव, व्यापार-मण्डल के अध्यक्ष महीपाल सिंह के अलावा रंजीत चौहान, अनिल गौड़, प्रिंसिपल सिमरन, नेहा, मीनाक्षी, अन्नू, नंदिनी, प्रीति, प्रीति शर्मा, सलमा, निशा, अदिति गुप्ता इत्यादि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। आर्यन एकेडेमी स्कूल प्रबंधक ईशान गौड़ ने सभी उपस्थित गण का आभार व्यक्त किया। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने