दिल्ली में अटल कैंटीन शुरू, अब 5 रुपए में भरपेट पाइए पौष्टिक भोजन

सीएम रेखा गुप्ता ने 45 कैंटीन का उद्घाटन किया-55 का बाद में

उद्घाटन के बाद सीएम ने कैंटीन में खाना खाया, अन्य कैन्टीनों में भी उमड़ी भीड़


नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर ‘अटल कैंटीन’ योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत शहर में 100 जगहों पर 5 रुपए में एक प्लेट खाना मिलेगा। हर कैंटीन में लगभग 500 लोगों को खाना उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बनेगी, यह ऐसा स्थान होगा जहां किसी को भी भूखा सोना नहीं पड़े। 
सीएम ने अटल कैंटीन का जायजा लिया जहां भोजन परोस रहे और भोजन कर रहे लोगों से बातचीत की। बातचीत के दौरान लोगों ने कहा कि 5 रुपए में ऐसा स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिलना बड़ी बात है। दिल्ली सरकार की ये पहल गरीब और मजदूर के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। इस योजना का उद्देश्य गरीबों, मजदूरों और कम आय वाले परिवारों को सम्मान के साथ खाना उपलब्ध कराना है। 
सरकार ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों आरके पुरम, जंगपुरा, शालीमार बाग, ग्रेटर कैलाश, राजौरी गार्डन, नरेला, बवाना सहित 45 अटल कैंटीनों की शुरुआत की है। बाकी 55 कैंटीनों का उद्घाटन आने वाले दिनों में किया जाएगा। इन कैंटीनों में प्रतिदिन दो समय खाना परोसा जाएगा कैंटीन का स्थान, समय और मेन्यू कैंटीन दो शिफ्ट में चलेगी। पहली शिफ्ट में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लोग खाना खा सकेंगे। वहीं दूसरी शिफ्ट में शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक कैंटीन खुली रहेगी। खाने की थाली में दाल, चावल, चपाती, मौसमी सब्जी और अचार शामिल है।
खाना बांटने के लिए डिजिटल टोकन प्रणाली दिल्ली सरकार ने खाना बांटने के लिए मैनुअल कूपन की जगह डिजिटल टोकन सिस्टम शुरू किया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी, जिसे दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) के डिजिटल प्लेटफॉर्म से रियल-टाइम में मॉनिटर किया जाएगा।
सीमापुरी परिसर में स्थापित कैंटीन में बड़ी संख्या में लोग भोजन करने पहुँचे। कैंटीन में भोजन करने आए संजय मिश्रा ने बताया कि उन्हें दो सब्ज़ी, चावल, चार रोटी और अचार मिला, जिसकी गुणवत्ता बेहद अच्छी थी। उन्होंने कहा कि इतनी कम कीमत में इतना संतुलित भोजन मिलना बड़ी राहत की बात है। वहीं, बुजुर्ग जमुना देवी ने भी खाने की तारीफ करते हुए कहा कि भोजन स्वादिष्ट है और सेहत के लिहाज से भी उपयुक्त है। एक अन्य लाभार्थी प्रेम पाल ने कैंटीन की व्यवस्था को सराहते हुए कहा कि यहाँ सब कुछ बहुत ही सलीके से किया जा रहा है। सनलाइट कॉलोनी के निवासी मान सिंह ने बताया कि उनसे फोटो की जगह नाम पूछा गया, फिर टोकन दिया गया और आसानी से खाना मिल गया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पहले दिन भोजन निःशुल्क दिया जा रहा है, जबकि कल से केवल पाँच रुपये में खाना उपलब्ध कराया जाएगा।
कैंटीन में भोजन करने आए रामवती ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नाम और फोटो दर्ज करने के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन दिया गया। उनके चेहरे पर संतोष की मुस्कान साफ दिखाई दे रही थी. वहीं, लखन गौतम ने विस्तार से बताया कि उन्हें समाचार के माध्यम से जानकारी मिली थी कि यहाँ पाँच रुपये में भोजन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में कैश और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी।
अटल कैंटीन में रोज़ाना एक लाख थालियां: बता दें कि अटल कैंटीन में दाल-चावल, सब्जी और रोटी वाली पौष्टिक थाली परोसी जा रही है. इस कैंटीन में लोगों को मात्र 5 रुपये में स्वच्छ, गरम और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कैंटीन में हर सुबह और शाम 500-500 थालियां मिलेंगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना के जरिए रोजाना एक लाख लोगों को सस्ता और अच्छा भोजन उपलब्ध कराया जाए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने