दिल्ली: शाहदरा के नैचुरल ड्रेन पर बनेगा एलिवेटेड रोड, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने ड्रेन का किया निरीक्षण 


नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र में स्थित नैचुरल ड्रेन के विकास कार्य को लेकर बुधवार को दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने ड्रेन का निरीक्षण किया. यह निरीक्षण यमुनापार विकास बोर्ड की नई पहल के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य पूर्वी दिल्ली में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और यातायात की समस्या से लोगों को राहत दिलाना है.
इस दौरान प्रवेश वर्मा ने बताया कि नैचुरल ड्रेन के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना बनाई गई है. इसके तहत ड्रेन के साथ बनी मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा, ताकि यहां लगने वाले लंबे जाम से स्थानीय लोगों को निजात मिल सके. यह एलिवेटेड रोड क्षेत्र के ट्रैफिक दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने गीता कॉलोनी से लेकर कड़कड़डूमा मोड़ तक ड्रेन के विकास कार्य का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित योजना पर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए. यह ड्रेन बिहारी कॉलोनी से गाजीपुर तक फैला हुआ है और इसके आसपास घनी आबादी रहती है, जिससे यहां यातायात की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. यमुनापार के विकास को लेकर दिल्ली सरकार गंभीर है और इस क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. एलिवेटेड रोड के निर्माण से न केवल ट्रैफिक सुचारू होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी.
निरीक्षण के दौरान पीडब्लूडी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मंत्री को तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई है कि एलिवेटेड रोड बनने से रोजमर्रा की परेशानियों में कमी आएगी. दिल्ली सरकार की यह योजना यमुनापार क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में लाखों लोगों को सीधा लाभ मिल सकता है.

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने