गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के बाद दिल्ली एमसीडी की स्थायी समिति में अवैध रेस्टोरेंट–बार का उठा मुद्दा

पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने कहा-बड़ी त्रासदी का इंतजार नहीं किया जा सकता, फौरन होनी चाहिए कार्रवाई 


नई दिल्ली: गोवा के नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड ने देशभर में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. इसी संदर्भ में मांगलवार को दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में राजधानी में अवैध रूप से चल रहे रेस्टोरेंट, क्लब, बार, रूफटॉप रेस्टोरेंट और फार्महाउसों को लेकर गंभीर चर्चा हुई. बैठक में गोवा अग्निकांड में जान गवाने वालों को श्रद्धांजलि भी दी गई. बैठक में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम कमिश्नर अश्वनी कुमार को आदेश दिया कि दिल्ली में अवैध रूप से संचालित सभी रेस्टोरेंट, बार और रूफटॉप प्रतिष्ठानों का तुरंत सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए, और जहां नियमों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के नाम पर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी. उन्होंने गोवा अग्निकांड पर दुख जताते हुए कहा कि इस हादसे में 25 लोगों की जान चली गई, इनमें पांच लोग दिल्ली के रहने वाले थे. 

बैठक में भाजपा पार्षद सतपाल सिंह ने कहा कि दिल्ली में कई ऐसे प्रतिष्ठान चल रहे हैं जिनके पास न फायर एनओसी है, न ही एग्जिट प्लान है, इन प्रतिष्ठानों के पास लाइसेंस तक नहीं है लेकिन अवैध तरीके से यह चल रही है, जिसमें हादसे का खतरा बना हो रहता है. आम आदमी पार्टी के पार्षद प्रवीण कुमार ने कहा कि गोवा की तरह दिल्ली में भी हादसे हो सकते हैं, दिल्ली की बीजेपी सरकार आंखें मूंदे बैठी हुई है. दिल्ली में अवैध रेस्टोरेंट, बार, क्लब रेस्टोरेंट चल रहे हैं, इसके साथ ही बेसमेंट में भी व्यावसायिक गतिविधियां चल रही है जो बड़े हादसे को दावत दे रही है. बीजेपी पंकज लूथरा ने कहा कि झिलमिल जैसे इंडस्ट्रियल इलाके में अवैध तरीके से बेसमेंट में फैक्ट्री चल रही है, जिसमें दर्जनों लोग काम करते हैं. इन फैक्ट्री में सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया जाता है. एमसीडी और दिल्ली पुलिस दोनों की संयुक्त कार्रवाई जरूरी है. गीता कॉलोनी इलाके में सड़क पर से गुजारना मुश्किल हो गया है. कई जगहों पर अवैध बार हथियारबंद बाउंसरों की आड़ में चलते हैं. विपक्ष शोर न मचाए, वास्तविक कार्रवाई करे. निगम को क्षेत्रीय स्तर पर टीम बनाकर तुरंत सीलिंग करनी चाहिए.

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने