दिल्ली: रचना यादव हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

तीनों की गिरफ्तारी बिहार के कटिहार जिले से की गई, पति की हत्या में गवाह थी रचना 

नई दिल्ली।
देश की राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में 10 जनवरी को प्रॉपर्टी डीलर पति की हत्या की चश्मदीद रचना यादव की हत्या में शामिल तीन बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी बिहार के कटिहार से हुई है। गवाह रचना यादव की हत्या की वारदात की साजिश रचने वालों में भरत यादव भी शामिल था। वह उनके पति की हत्या में भी शामिल था और फरार चल रही था। बदमाशों ने सिर में गोली मारकर 10 जनवरी को रचना की हत्या की थी।
दिल्ली स्पेशल सीपी रविंदर यादव लॉ एंड आर्डर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारत यादव, निखिल और सुमित के रूप में हुई है। साल 2023 में रचना यादव के पति विजेंद्र यादव की प्रॉपर्टी विवाद को लेकर गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में रचना यादव मुख्य चश्मदीद गवाह थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियोें को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी भरत यादव भाग निकला था और वह फरार चल रहा था। उसपर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। शुरूआती पूछताछ में यह भी पता चला है कि भरत यादव के कहने पर ही निखिल ने अपने साथी सुमित के साथ वारदात को अंजाम दिया था। 
बता दें कि 10 जनवरी को रचना यादव की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने सवाल खड़े किए थे। रचना यादव आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई कार्यकर्ता थी। मामले को तुल पकड़ता देख दिल्ली पुलिस ने कई टीमें बनाई थी। निरीक्षक सोमवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के भागने की दिशा में लगे करीब तीन सौ सीसीटीवी कैमरे की जांच की। पुलिस के मुताबिक घटना के अगले ही दिन पुलिस ने रोहिणी इलाके से बदमाशों की बाइक बरामद की थी। पुलिस ने इस दौरान घटनास्थल के पास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी हासिल की और बदमाशों की तलाश करते हुए कटिहार पहुंची। जहां सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर दिल्ली लाया जा रहा है और उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी। निखिल और सुमित हरियाणा के पानीपत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों को हत्या के बदले पाँच लाख रुपये की सुपारी देने का वादा किया गया था। पुलिस के अनुसार निखिल ने ही फायरिंग की थी और दोनों पहली बार अपराध में शामिल हुए थे। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने