वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा आरोपी और मृतक के बेटे फरार
गाजियाबाद। लोनी इलाके में हुई रिटायर्ड एयर फोर्स कर्मी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक बेटों को प्रॉपर्टी का ऐसा लालच सवार हुआ कि उन्होंने सुपारी देकर अपने बुजुर्ग पिता की हत्या करवा दी. इतना ही नहीं पिता की हत्या हो जाने के बाद बेटों ने थाने में जाकर तहरीर दी और घटना के संबंध में मुकदमा भी दर्ज कराया था. पिता की हत्या के बाद बेटों ने खूब घड़ियाली आंसू बहाए थे. फिलहाल, पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अरविंद मृतक योगेश का पड़ोसी है. मृतक अपने घर को बेचना चाहता था और अपने दोनों बेटों से घर खाली करने का दबाव बना रहा था. योगेश की पत्नी अरविंद के सामने अपनी परेशानी बताते हुए रोने लगी. योगेश के बेटे नितेश और गुड्डू ने अरविंद को 5 लाख रुपए में अपने पिता की हत्या करने की सुपारी दी थी. योगेश के घर की छत पर बैठकर ही हत्या की योजना बनाई गई थी. अरविंद घटना को अकेले अंजाम देने से डर रहा था तो ऐसे में उसने अपने जीजा नवीन को साथ लिया.
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक अरविंद और नवीन ने गोली मार कर योगेश की हत्या की थी. घटना को अंजाम देने के बाद अरविंद और नवीन फरार हो गए और एक सुनसान जगह पर जाकर कपड़े बदले थे। पुलिस ने अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है. नवीन की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं. मृतक योगेश के दोनों बेटे नितेश और गुड्डू भी फरार चल रहे हैं. वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं. नवीन उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है और फिलहाल अब्सेंट चल रहा है.
Tags
गाजियाबाद
