गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन अब बनेगा शॉपिंग और डाइनिंग का हब

स्टेशन पर मिलेगी रूफटॉप रेस्टोरेंट, फूड आउटलेट्स, हाइपर मार्केट, शोरूम और कैफे जैसी सुविधाएं, एनसीआरटीसी ने जारी की निविदा

नई दिल्ली/गाजियाबाद। नमो भारत कॉरिडोर पर स्थित गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन अब सिर्फ यात्रा का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि यह शॉपिंग, डाइनिंग और लाइफस्टाइल सुविधाओं का नया केंद्र बनने जा रहा है. यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और स्टेशन परिसरों को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी ने यहां बड़े स्तर पर कमर्शियल डेवलपमेंट की दिशा में कदम बढ़ाया है. नमो भारत स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एनसीआरटीसी लगातार प्रयास कर रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन पर प्रॉपर्टी डेवलपमेंट एरिया की लाइसेंसिंग के लिए निविदा आमंत्रित की गई है. इस पहल के तहत स्टेशन परिसर में रूफटॉप रेस्टोरेंट, फूड आउटलेट्स, कैफे और अन्य व्यावसायिक निर्माण विकसित किए जाएंगे.
टेंडर प्रक्रिया से मिलेगा लाइसेंस: गाजियाबाद स्टेशन के प्रॉपर्टी डेवलपमेंट क्षेत्र को व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से लाइसेंस पर दिया जाएगा. कुल लगभग 18,778 वर्ग मीटर क्षेत्र को एक निश्चित किराये पर उपलब्ध कराया जाएगा. इससे यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी स्टेशन परिसर के भीतर ही शॉपिंग और डाइनिंग जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी.
नॉन-फेयर रेवेन्यू बढ़ाने पर फोकस: इस निविदा के जरिए एनसीआरटीसी का लक्ष्य स्टेशन परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और गैर किराया राजस्व में वृद्धि करना है. इन कमर्शियल स्पेस के लिए लाइसेंस अवधि 25 वर्ष तय की गई है. इच्छुक आवेदक ई-टेंडर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जिसकी अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है. निविदा से जुड़ी विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
प्रमुख हिस्सों में मिलेंगे कमर्शियल स्पेस: निविदा के अंतर्गत कमर्शियल स्पेस स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर, अपर और लोअर फ्लोर के साथ-साथ कोर-ए फ्लोर पर उपलब्ध होंगे. ग्राउंड फ्लोर पर 4,229 वर्गमीटर, अपर लेवल 1 और 2 पर 11,914 वर्गमीटर तथा कोर-ए फ्लोर्स पर 2,435 वर्ग मीटर का प्रॉपर्टी डेवलपमेंट क्षेत्र शामिल है.
स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा बढ़ावा: एनसीआरटीसी स्थानीय विक्रेताओं, रिटेल और सेवा प्रदाताओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करना चाहता है. उद्देश्य स्टेशन परिसरों को लोगों के अनुकूल, जीवंत और आधुनिक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करना है. इससे यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और गैर किराया स्रोतों से राजस्व में इजाफा होगा.
मेडिकल सुविधा भी मिलेगी: इन कमर्शियल स्थानों का उपयोग दुकानों, कियोस्क और सेवा प्रतिष्ठानों के रूप में किया जा सकेगा. यहां रूफटॉप और फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट, कैफे, फूड आउटलेट्स, होटल, शोरूम, बैंक्वेट हॉल, फार्मेसी, मेडिकल और वेलनेस सेंटर, साथ ही क्षेत्रीय उत्पादों की दुकानें विकसित की जा सकती हैं. इससे लोगों को डाइनिंग, खरीदारी, स्वास्थ्य सेवाएं और स्टे जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी.
गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन शहर के सघन आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है और इसके पास ही प्रमुख बस टर्मिनल भी मौजूद है. आसपास पटेल नगर, राज नगर, आर्य नगर, कवि नगर जैसे विकसित आवासीय क्षेत्र, बाजार, शैक्षणिक संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं. दिल्ली मेट्रो और अन्य परिवहन साधनों से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह स्टेशन अब केवल ट्रांजिट प्वाइंट नहीं, बल्कि एक उभरता हुआ लाइफस्टाइल और कमर्शियल हब बनता जा रहा है.

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने