गाजियाबाद। जिला प्रशासन और लोनी नगर पालिका ने गुरुवार को अलग अलग जगहों पर अवैध कालोनियों तथा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। प्रशासनिक टीम ने जहां डूब क्षेत्र में अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चलाया तो वहीं नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमण को हटवाया। इंद्रापुरी मूवी मैजिक मार्ग स्थित मार्केट में करीब तीन घंटे तक अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों और कर्मचारियों में बहस भी हुई, लेकिन भारी पुलिस फोर्स होने से दुकानदारों का विरोध नहीं चल पाया। लोनी नगर पालिका अधिशासी अधिकारी कृष्ण कांत मिश्र के निर्देश पर बृहस्पतिवार को सफाई निरीक्षक संजीव अवाना और राजकुमार पालिका कर्मचारी एवं भारी पुलिस बल के साथ लोनी दो नंबर इंद्रापुरी पहुंचे। बुलडोजर दुकानों के आगे साइन बोर्ड और नाले पर बने परमानेंट कंस्ट्रक्शन को उखाड़ता चला गया। इस दौरान दुकानदारों की कर्मचारियों से बहस भी हुई, लेकिन तोड़फोड़ जारी रही। पूरे अभियान के दौरान कुछ दुकानदार अपनी ओर बुलडोजर आते देख खुद ही अपनी टीन शेड उतारने में जुट गए। तीन घंटे तक चली कार्रवाई में करीब दो दर्जन से अधिक दुकानों के आगे हो रहे अतिक्रमण को ध्वस्त करने के बाद पालिका की टीम वापस लौट गई। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी कृष्ण कांत मिश्र ने कहा कि फिलहाल नाले के ऊपर हो रहे अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। दुकानदारों को अवैध निर्माण खुद हटाना होगा, वरना पालिका द्वारा कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने लोनी क्षेत्र के ग्राम मीरपुर हिन्दू एवं ग्राम बदरपुर मे यमुना नदी के डूब क्षेत्र एवं अन्य स्थानो पर अवैध रूप से काटी जा रही कालोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। इस दौरान लगभग 13.5 एकड क्षेत्र में फैली अवैध कालोनी को ध्वस्त किया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान लोनी तहसीलदार डॉ० अरूण कुमार अग्रवाल, नायब तहसीलदार लोनी लीलू सिंह, जीडीए के अवर अभियंता सुपरवाईजर तथा यूपीसीडा के अधिकारी रहे। एसडीएम दीपक सिंघनवाल ने कहा कि अवैध कालोनी काटने का दोबारा प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी
Tags
गाजियाबाद
