गाजियाबाद में मासूम बच्ची के कातिल बन गई सौतेली माँ, बाप का भी न पसीजा दिल

बेव सिटी इलाके की वारदात, बेटे के शरीर पर भी मिले चोट के निशान, पति-पत्नी हिरासत में

गाजियाबाद।
वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत डासना के बाजीगिरान मोहल्ले में पिता और सौतेली मां ने छह साल की मासूम बच्ची की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सोमवार सुबह की है। दोपहर करीब पौने एक बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली।  हत्या के बाद बच्ची के शव को अस्पताल ले जाया गया और फिर चुपचाप दफनाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई। पुलिस ने आरोपी महिला के साथ-साथ उसके पति को भी हिरासत में ले लिया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी माता-पिता से पूछताछ की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल से मिली जानकारी के अनुसार डासना के मोहल्ला बाजीगिरान निवासी अकरम पुत्र हाजी जफर अपनी दूसरी पत्नी निशा और पहली पत्नी से हुए तीन बच्चों फिजा, शिफा व आहिल के साथ रहता है। वह पैंठ बाजारों में जूते-चप्पल की दुकान लगाता है। अकरम की पहली शादी मुरादनगर के नेकपुर गांव निवासी जहीर अहमद की बेटी गुलजार से हुई थी। उससे दो बेटी फिजा, शिफा और एक बेटा आहिल हुए। गुलजार की मौत के बाद अकरम ने डेढ वर्ष पूर्व किठौर मेरठ की रहने वाली निशा परवीन से शादी कर ली और डासना के बाजीगिरान मोहल्ले में निशा और तीनों बच्चों के साथ रहने लगा।  दोनों मिलकर तीनों बच्चों का शोषण कर रहे थे और मारपीट करते थे। सोमवार को दोनों ने मिलकर शिफा (6) की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। डासना के रहने वाले रिश्तेदार महबूब को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।  एसीपी ने बताया कि बच्चे के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।  आरोप है कि आरोपी माता-पिता तीनों बच्चों को टॉर्चर कर रहे थे। आरोपियों ने शिफा की तो पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं शिफा के छोटे भाई आहिल के भी पीठ व शरीर पर अन्य जगह पिटाई के निशान मिले हैं। उसके शरीर पर भी नील पड़े हुए हैं। एसीपी का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने