गाजियाबाद में लिट्टी-चोखा मिलन समारोह में शामिल हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

पूर्वांचल एकता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
पूर्वांचल समाज की एकता प्रदेश की ताकत – केशव प्रसाद मौर्य
कहा-डबल इंजन की सरकार से आया बदलाव, विपक्ष पर बरसे 

गाजियाबाद।
साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में पूर्वांचल समाज के भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के लिए रविवार को 'लिट्टी-चोखा मिलन समारोह ' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि रहे। समारोह इंदिरापुरम स्थित सत्यम फार्म हाउस में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग शामिल हुए।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और समाजवादी पार्टी का सत्ता में आना नामुमकिन है। उन्होंने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह राजद को हार का सामना करना पड़ा, उसी तरह समाजवादी पार्टी भी 2027 में पराजित होगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का राजनीतिक वजूद अब बहुत सीमित है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर विश्वास करती है और आने वाले चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलेगी।
नोएडा में युवराज की मौत के मामले पर उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और रकळ की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह एक संत हैं और उनके चरणों में प्रणाम किया जाता है। उन्होंने आशा जताई कि विवाद समाप्त होगा और संत संगम स्नान में शामिल होंगे। केशव मौर्य ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, वह एक संत हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए. यदि वह किसी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, तो वह उनकी भावना का भी सम्मान करते हैं.
 कार्यक्रम के आयोजक, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा ने अपने विस्तृत एवं प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि “बिहार–पूर्वांचल–मिथिलांचल स्नेह मिलन केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी साझा संस्कृति, आपसी स्नेह और आत्मसम्मान का उत्सव है। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र विविध संस्कृतियों का संगम है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने कहा कि आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्मार्ट सड़कें और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ आम जनमानस को पारदर्शी रूप से मिल रहा है। आयोजन के दौरान 'कटेंगे तो बंटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे' जैसे संदेश वाले होर्डिंग भी लगाए गए। समारोह का उद्देश्य सामाजिक मेल-मिलाप के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित बनाए रखना बताया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों की लोगों को जानकारी दी और कहा कि उत्तर प्रदेश और देश को खुशहाल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। इस अवसर पर प्रशांत चौधरी, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिंह सिरोही, रूप चौधरी, एमएलसी सुरेश कश्यप, योगेश त्रिपाठी, डीएन सिंह, विजय मोहन, पूर्व मेयर आशु वर्मा, रीता भाटी, अजय शर्मा, विधायक संजीव शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, बसंत त्यागी, कार्यक्रम में संयोजक और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल सिंह त्यागी, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल, अजय शर्मा, बलदेव राज शर्मा  पार्षद रेखा गोस्वामी, सरदार सिंह भाटी, रवि भाटी, राहुल शर्मा, अशोक भाटी और ट्रांस हिंडन के कई पार्षद, जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक सुनील शर्मा पूर्वांचल के नेता डीएन सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र  सिसोदिया ने उपमुख्यमंत्री का माला पहनाकर स्वागत किया।
कविनगर में श्रीराम कथा और राम मंदिर प्रदर्शनी का शुभारंभ:  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद के कविनगर स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम कथा एवं राम मंदिर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रामभक्त, जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री मौर्य ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इससे न्याय मिला और देशवासियों की आस्था को सम्मान प्राप्त हुआ। 
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राम मंदिर के लिए तीन लाख से अधिक संतों और रामभक्तों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि मुगलों या अंग्रेजों के शासनकाल में भी रामभक्तों का नारा 'रामलला हम आएंगे, भव्य मंदिर बनाएंगे' रहा। मौर्य ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व महसूस किया। उन्होंने सोमनाथ मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह सोमनाथ मंदिर तोड़ा गया था, उसी तरह राम मंदिर भी ध्वस्त किया गया था। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी नाकामी के कारण काशी, मथुरा और अयोध्या की स्थिति वर्षों तक अपरिवर्तित रही, जबकि भाजपा सरकार ने कार्य करके लोगों का विश्वास जीता। कार्यक्रम में उपस्थित रामभक्तों को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कविनगर में आयोजित श्रीराम कथा के अवसर पर प्रभु श्रीराम के जीवन पर आधारित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने