अमेरिका से बेटी ने सीसीटीवी में माँ के साथ भाई की बर्बरता देखी, गाजियाबाद की पुलिस भिजवाई

वीडियो में बीमार मां को बेरहमी से पीटते दिखाई दिया भाई, अब हिरासत में

गाजियाबाद।  मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र के संजयनगर सेक्टर-23 इलाके में एक बेटे ने अपनी बुजुर्ग और बीमार मां को बेरहमी से पीटा। कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। अमेरिका में मौजूद बेटी ने सीसीटीवी पर भाई की बर्बरता को देखा तो माँ की मदद की गुहार लगाई। वीडियो सामने आते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। 
दरअसल, यह घटना संजय नगर सेक्टर-23 के जागृति विहार में मकान नंबर-22 की है। ये मकान भगवान देवी (70) का है। भगवान देवी के पति विजयपाल सिंह थे। जोकि एक स्कूल में प्रिंसिपल थे। कई वर्ष पहले विजयपाल का निधन हो गया था। भगवान देवी के एक बेटी और एक बेटा है। बेटा निशांत राघव (44), यहीं रहता है। उसने बीसीए की पढ़ाई की है। जबकि बहन निशा राघव अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। 
निशांत राघव की शादी करीब 17 साल पहले ममता से हुई थी। उनके चार बच्चे दो बेटे और दो बेटियां हैं। नशे की आदत और घरेलू विवादों के चलते पिछले करीब ढाई साल से निशांत और ममता के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा है। ममता निशांत से अलग जागृति विहार में रहती है। निशांत करीब तीन महीने पहले नोएडा के एक नशामुक्ति केंद्र से वापस आया था।
अमेरिका में रहने की वजह से निशा मां का ध्यान नहीं रख पाती थी। घर पर भी भगवान देवी की देखभाल करने वाला कोई नहीं था। इसलिए मां पर नजर रखने के लिए निशा ने घर में सीसीटीवी लगवाए थे। 30 जनवरी को निशा ने अमेरिका से मां के साथ हुई बर्बरता को देखा कि किस तरह भाई, मां को गला दबाकर पीट रहा है। फिर बिना देरी किए निशा ने ये वीडियो अपने रिश्तेदारों और सोसाइटी के लोगों को भेज दिया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन लोगों ने तुरंत मधुबन बापूधाम थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निशांत को हिरासत में ले लिया। निशा ने भी अपने भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बुजुर्ग महिला से मारपीट करता दिख रहा था। जांच में आरोपी निशांत ठाकुर पाया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने