लाठीचार्ज के पीड़ितों को नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने दिया समर्थन
गाजियाबाद। लोनी के मीरपुर हिंदू गांव में डम्पिंग ग्राउंड के विरोध में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। मंगलवार को भी ग्रामीणों का धरना जारी रहा, साथ ही महापंचायत आयोजित की गई। इस महापंचायत में समर्थन देने के लिए राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी अपने पूरे दल बल के साथ मीरपुर हिंदू गांव में पहुंचे और पुलिस उत्पीड़न के शिकार हुए लोगों का हालचाल जाना।
यहाँ महापंचायत को संबोधित करते हुए श्रीकांत त्यागी ने कहा कि लोनी मीरपुर हिंदू में त्यागी बिरादरी के लोगों पर प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस घटना में कई महिलाएं, बुजुर्ग और युवा घायल हुए अब यह मामला केवल एक जाति का नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए है। श्रीकांत त्यागी ने कहा कि हमारी पार्टी इस आंदोलन में गांव वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि जब शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों पर बल प्रयोग होता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार होता है।
इस अवसर पर राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी ने कहा कि हमारा संविधान हर नागरिक को अपनी बात कहने और न्याय की मांग करने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के सभी कार्यकर्ता मीरपुर हिंदू गांव के आसपास के सभी गांव में डंपिंग ग्राउंड के विरोध में अभियान चलाकर गांव वालों को जागरूक करेंगे और किसी भी कीमत पर इसके निर्माण पर रोक लगाने का काम करेंगे। राहुल त्यागी ने कहा कि हम इस न्याय की लड़ाई में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी के नेतृत्व में ग्रामीणों के साथ हैं।
Tags
गाजियाबाद


