गाजियाबाद में डंपिंग ग्राउंड बना रणक्षेत्र: किसानों और पुलिस में भिड़ंत

मीरपुर हिंदू गांव में डंपिंग ग्राउंड का विरोध करने पर किसानों पर लाठी चार्ज, एक बुजुर्ग महिला गंभीर

गाजियाबाद। लोनी के थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मीरपुर हिंदू गांव में रविवार को डंपिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे किसानों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें एक महिला किसान गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

दरअसल, मीरपुर हिंदू गांव और आसपास के किसान काफी समय से प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का तर्क है कि डंपिंग ग्राउंड बनने से न केवल पर्यावरण दूषित होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। रविवार को जब प्रशासन और नगर पालिका की टीमें डंपिंग ग्राउंड से संबंधित कार्य को आगे बढ़ाने पहुंचीं, तो बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान वहां एकत्रित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मौके पर एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम पहुंचे। पहले तो लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। पत्थरबाजी की घटना शुरू होने के बाद पुलिस ने उन्हें दौड़ाना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने लोगों को गाड़ियों में भरना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोग खेतों में भागने लगे। पुलिस के जवानों ने उन्हें खेतों में पकड़ कर पिटाई कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रदर्शनकारी किसानों ने लाठीचार्ज का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारी किसान काम रोकने की मांग पर अड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने पहले किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने बल प्रयोग करना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक महिला किसान पुलिस की लाठियों की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ी, जिसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

किसानों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से गिरफ्तारी शुरू किए जाने के कारण लोगों का आक्रोश भड़का। इसके बाद लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस के लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायल मीरपुर हिंदू गांव के बताए जा रहे हैं। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही विपक्षी दलों ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। किसान नेताओं का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और महिलाओं पर लाठी चलाना अलोकतांत्रिक है। उन्होंने घायल महिला के उचित इलाज और डंपिंग ग्राउंड के प्रस्ताव को तुरंत वापस लेने की मांग की है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने