महिला 48 किग्रा जूडो स्पर्धा में रचा इतिहास, डीजीपी राजीव कृष्ण ने दी बधाई; यूपी पुलिस और देश का बढ़ाया गौरव
गाजियाबाद। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस की उपनिरीक्षक अस्मिता डे ने महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग की जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वर्तमान में गाजियाबाद में तैनात अस्मिता डे कॉमनवेल्थ खेलों में जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रदेश और पूरे देश में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने अस्मिता डे को बधाई देते हुए कहा कि उनका स्वर्ण पदक जीतना उत्तर प्रदेश पुलिस और पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अस्मिता डे ने अपने अनुशासन, दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर भारतीय खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।
डीजीपी ने अपने संदेश में कहा कि अस्मिता डे की सफलता एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और समर्पित पुलिस अधिकारी के आदर्श व्यक्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश सरकार की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की नीति और खेल कोटे के माध्यम से खिलाड़ियों को पुलिस सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की पहल का भी सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार की ओर से उपनिरीक्षक अस्मिता डे को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार देश के लिए पदक जीतने की कामना की। अस्मिता डे की इस उपलब्धि को उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। उनकी सफलता न केवल पुलिस बल के जवानों, बल्कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
त्रिपुरा की रहने वाली हैं अस्मिता डे: अस्मिता डे त्रिपुरा के बेलोनिया शहर की निवासी हैं। जूडो की दुनिया में कदम रखने से पहले, वे एक एथलीट थीं और 800 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया करती थीं। एक बार डिस्ट्रिक्ट लेवल के ट्रायल के दौरान उनका रुझान जूडो की तरफ बढ़ा और फिर उन्होंने इसी खेल को अपना लिया। उन्होंने भोपाल स्थित साई (SAI) रीजनल सेंटर में कोच यशपाल सोलंकी की देखरेख में अपनी ट्रेनिंग पूरी की। वर्तमान में, वे सरकार की 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (TOPS) डेवलपमेंट ग्रुप का हिस्सा हैं।
CWG 2026 में 5 गोल्ड मेडल जीत चुका है भारत: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन अब तक काफी अच्छा रहा है। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 18 पदक अपने नाम कर लिए हैं। इनमें 4 स्वर्ण पदक (गोल्ड), 10 रजत पदक (सिल्वर) और 4 कांस्य पदक (ब्रॉन्ज) शामिल हैं। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में 9वें स्थान पर पहुंच गया है। आज इस प्रतियोगिता में 9वें दिन का खेल जारी है। जुडो से पहले भारतीय बॉक्सर ने आज के दिन जबरदस्त प्रदर्शन किया है।