सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग और आपात सेवाओं की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ग्रामीण ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, लगातार निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
डीसीपी सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Tags
गाजियाबाद