दिल्ली में ‘विद्या वाहिनी योजना’ शुरू, पहले चरण में 3,000 से अधिक छात्राओं को मिली साइकिलें

करीब 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से मिलेगा लाभ, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा 

नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार ने छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को ‘विद्या वाहिनी योजना’ का शुभारंभ किया। पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना का शुभारंभ करते हुए पहले चरण में 3,000 से अधिक छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बेटियां केवल अपने सपनों को साकार नहीं करतीं, बल्कि एक विकसित, शिक्षित और सशक्त दिल्ली के भविष्य का निर्माण भी करती हैं। उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ छात्राओं की शिक्षा यात्रा को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि बचपन संघर्ष और सपनों का दौर होता है। यदि बच्चों को सही अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे जीवन में बड़ी से बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, स्थानीय विधायक, नगर निगम पार्षद तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह योजना छात्राओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। इससे न केवल उनकी पढ़ाई सुगम होगी, बल्कि वे अधिक सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ विद्यालय आ-जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और यह योजना उसी दिशा में एक प्रभावी पहल है। 
दिल्ली सरकार के अनुसार, ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत राजधानी के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से साइकिलें वितरित की जाएंगी। योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा से जोड़कर रखना, स्कूल छोड़ने की दर में कमी लाना तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि यह योजना छात्राओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण को नई गति देगी। साथ ही यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करने और बेटियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने