नवजीवन अस्पताल में महिला की मौत की खबर चलाने पर मिली धमकी
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के नवजीवन अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत की खबर प्रसारित करने वाले एक पत्रकार को व्हाट्सएप पर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने थाना लोनी बॉर्डर पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता अरुण पांचाल, जो एक हिंदी समाचार चैनल से जुड़े हैं, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 28 जुलाई 2026 को नवजीवन अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक गर्भवती महिला की मौत हो गई थी। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। इस घटना की उन्होंने समाचार कवरेज की थी।
अरुण पांचाल का आरोप है कि इसके बाद 29 जुलाई की रात करीब 11:28 बजे "दैनिक गज केसरी युवा" नामक व्हाट्सएप ग्रुप में मोबाइल नंबर 9958505607 से उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार, मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को राहुल त्यागी बताया और कथित रूप से अस्पताल आने की चुनौती भी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पहले भी धमकी देने का आरोप लगाया गया था, जिसके संबंध में थाना लोनी बॉर्डर में वर्ष 2024 में एक मुकदमा दर्ज होने की बात कही गई है।
पत्रकार ने पुलिस से मांग की है कि मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध आईटी अधिनियम तथा आपराधिक धमकी एवं गाली-गलौज से संबंधित प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही उनकी एवं उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। शिकायत के साथ कथित व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Tags
गाजियाबाद
