शालीमार गार्डन के जय माँ काली मंदिर से लड्डू गोपाल की अष्टधातु प्रतिमा चोरी

श्रद्धालुओं में रोष, पुलिस से चोरी के जल्द खुलासे की मांग

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के ए-ब्लॉक स्थित जय माँ काली मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण (लड्डू गोपाल) की लगभग एक फुट ऊंची अष्टधातु की प्रतिमा, आरती की जोत तथा अन्य धार्मिक सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
मंदिर के पुजारी अजय जी और मंदिर से जुड़ी एक महिला ने बताया कि मंदिर में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। उनके अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान रिजवान नामक व्यक्ति प्लंबर का कार्य कर रहा था। उन्होंने आशंका जताई है कि उसी ने प्रतिमा और अन्य धार्मिक सामान चोरी किया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद रवि भाटी मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शालीमार गार्डन थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी तथा चोरी हुई भगवान श्रीकृष्ण (लड्डू गोपाल) की अष्टधातु प्रतिमा बरामद करने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रतिमा को विधि-विधान के साथ पुनः मंदिर में स्थापित कराने की भी बात कही।
पार्षद रवि भाटी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर चोरी जैसी घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने