चार दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल में हिमाचल टीम पहले और यूपी टीम दूसरे नंबर पर रही विजेता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 8वीं वाहिनी में 23 फरवरी 2026 से 26 फरवरी तक चार दिवसीय उत्तरी क्षेत्र सीएसएसआर (ढही हुई संरचना खोज और बचाव) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का समापन गंभीर सिंह चौहान, उप महानिरीक्षक नॉर्थ जोन, मुख्यालय एनडीआरएफ और एडिशनल पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद केशव कुमार चौधरी द्वारा किया गया।इस प्रतियोगिता में 07 राज्यों की 08 टीमों ने भाग लिया, जिनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब तथा दिल्ली की एसडीआरएफ टीमें शामिल रहीं। कुल 171 प्रतिभागियों ने विभिन्न आपदा परिदृश्यों पर आधारित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रतिस्पर्धाओं में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 08 कैनाइन (डॉग स्क्वॉड) भी शामिल रहे, जिन्होंने मलबे में खोज एवं बचाव संबंधी अभ्यासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता परिणामों में प्रथम स्थान पर हिमाचल प्रदेश एसडीआरएफ और द्वितीय स्थान पर उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ की टीम रही। दोनों टीमों का चयन राष्ट्रीय स्तर की सीएसएसआर प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
समापन समारोह में अपने संबोधन के दौरान डीआईजी गंभीर सिंह चौहान ने कहा कि भारत के अधिकांश क्षेत्र भूकंप एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील हैं। ऐसे में एनडीआरएफ द्वारा एसडीआरएफ टीमों को नियमित रूप से उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे वे किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने में सक्षम हों। इस अवसर पर सुदेश कुमार, कमांडेंट 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व एनडीआरएफ की विभिन्न वाहिनियों द्वारा संबंधित टीमों को पूर्व प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसी क्रम में 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ गाजियाबाद द्वारा उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ टीम को लखनऊ में प्रतियोगिता पूर्व विशेष प्रशिक्षण दिया गया जिससे टीम की तकनीकी दक्षता एवं प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी को और अधिक सुदृढ़ किया जा सका। आगामी राष्ट्रीय सीएसएसआर प्रतियोगिता का फाइनल भी गाजियाबाद स्थित 8वीं वाहिनी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी जोनों से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कुल 8 टीमें भाग लेंगी।
Tags
गाजियाबाद