पड़ोसी से अवैध संबंध में शक में पत्नी को मारवाई गोली, पति समेत पांच गिरफ्तार
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक पति ने घरेलू झगड़ों और चरित्र पर शक के चलते 50 हजार की सुपारी देकर अपनी ही पत्नी की हत्या करवाने की साजिश रच डाली। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद खुद पति थाने पहुंचा और पड़ोसियों पर साजिश रचने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया. लेकिन, पुलिस जांच में मामला पलट गया और साजिश का मास्टरमाइंड पति ही निकल गया। महिला को गोली मारने के इस मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद किया गया है। सभी आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।यह घटना 25 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। संजू नाम की महिला अपने पति हरिशंकर के साथ बाजार से सब्जी लेने गई थी। सब्जी लेकर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक सवार दो युवक पहुंचे और संजू की पीठ में गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने से संजू गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस को बाइक के नंबर से एक आरोपी को हिरासत में लिए, पूछताछ करने पर उसने बताया कि महिला के पति ने 50 हजार की सुपारी दी थी। हरिशंकर को पुलिस ने हिरासत में लिया, हरिशंकर ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के पड़ोसी युवक से अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई और अपने साथियों की मदद से गोली चलवाई। हरिशंकर मोबाइल रिचार्ज की दुकान का संचालन करता है, हरिशंकर ने जिन युवकों के नाम एफआईआर दर्ज कराई थी उसी युवक से पत्नी संजू के अवैध संबंध का शक था। पुलिस ने इस मामले में पति हरिशंकर और उसके चार साथियों विनीत राजपूत, विभोर शर्मा, राज बैसला और अर्जुन को गिरफ्तार किया है। विभोर शर्मा पेशेवर अपराधी है। डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल घायल संजू का इलाज दिल्ली के अस्पताल में जारी है।
Tags
गाजियाबाद