गाजियाबाद डीएम ने तलहेटा पहुंचकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे का किया निरीक्षण, धरनारत किसानों की मांगों को भी सुना
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा जनसुनवाई में किसानों से प्राप्त शिकायत के क्रम में, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क किनारे किसानों की भूमि से मिट्टी उठाए जाने तथा उसके समुचित भराव न कराए जाने की बात कही गई थी, सोमवार को तलहेटा गांव स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (फेज-5) का स्थलीय निरीक्षण किया गया। यहां धरनारत किसानों की समस्याएं भी सुनीं। किसान गोल चक्कर पर उतार-चढ़ाव (कट) बनाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मोदीनगर, तहसीलदार मोदीनगर और बीडीओ भोजपुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी ने पूर्व में ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रबंधक को निर्देशित किया था कि यदि किसानों की भूमि से मिट्टी उठाई गई है तो उसकी गुणवत्ता पूर्ण भरपाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एनएचएआई द्वारा संबंधित स्थलों पर मिट्टी का भराव कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी अन्य समस्याओं की जानकारी ली। किसानों द्वारा गांव की पैमाइश कराए जाने तथा मुआवजा प्राप्त होने के पश्चात ही भूमि अधिग्रहण किए जाने की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त किसानों ने अन्य मांगें भी जिलाधिकारी मांदड़ के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को विधिवत मुआवजा प्रदान किए बिना उनकी भूमि पर कब्जा न लिया जाए।
जिलाधिकारी रविंद्र मंडल ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हाईवे निर्माण के दौरान डाली गई मिट्टी की समुचित भराई कराने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़क किनारे किसी प्रकार की समस्या न रहे। उन्होंने आश्वस्त किया कि नियमानुसार गांव की पैमाइश कराई जाएगी। साथ ही किसानों की अन्य मांगों के संबंध में एनएचएआई के प्रबंधक एवं अभियंताओं से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मोटरसाइकिल से भी सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह और मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप त्यागी समेत कई किसान उपस्थित रहे। मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने जिलाधिकारी को क्षेत्र का मुआयना कराते हुए मोदीनगर से वाया तलहट-खरखौदा रोड की कनेक्टिविटी दिखाई। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई है।
Tags
गाजियाबाद