सीपी जे0 रविन्द्र गौड ने पुलिस को गश्त बढ़ाने पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा
गाजियाबाद। आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त ने अधीनस्थों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की कोई गुंजाइश न रहे। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने निर्देश दिए कि भीड़-भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। त्योहारों के दौरान पैदल गश्त बढ़ाने के साथ-साथ रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को भी और सशक्त किया जाएगा, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी बनी रहे।
अपराध नियंत्रण की रणनीति पर चर्चा करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि हाल में हुई घटनाओं का गहन विश्लेषण कर अपराधियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। संगठित अपराध, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया गया। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की योजना पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तकनीक का इस्तेमाल कर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। वहीं, त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक रूट प्लान और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस आयुक्त ने अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष आॅपरेशन प्रहार की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर कठोर कार्रवाई कर समाज में भयमुक्त वातावरण स्थापित करना है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। इस मौके पर एडिशनल सीपी मुख्यालय व अपराध, एडिशनल सीपी कानून-व्यवस्था व यातायात, सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी मौजूद रहे।
Tags
गाजियाबाद