कर्ज में डूबे भांजे ने लूट का विरोध करने पर किया कत्ल, साथी समेत गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी जिले के ज्योति नगर इलाके में घर में घुसकर लूट के लिए की गई अधेड़ महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने महिला के भांजे व इसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पांच लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए रुपये न होने पर युवक ने अपनी मौसी की हत्या की थी। आरोपित की पहचान महिला के भांजे उमेश व इसके दोस्त विपिन के रूप में हुई है। इनके पास से लूटे गए सोने के गहने, वारदात में इस्तेमाल बाइक और चाकू बरामद किया है। दोनों इवेंट मैनेजमेंट में थे।
डीसीपी आशीष मिश्रा के मुताबिक मृतक विमला देवी परिवार के साथ अमर कालोनी में रहती थी। परिवार में पति महावीर व दो शादीशुदा बेटे हैं। दोनों बेटे अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। कुछ दिनों पहले महावीर उत्तर प्रदेश के कासगंज में किसी काम से गए हुए थे। उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। पुलिस ने बताया कि 15 फरवरी की दोपहर को पड़ोसियों ने सूचना दी कि एक घर के अंदर से दुर्गंध आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर का दरवाजा खुला हुआ था। महिला के दोनों हाथ, गला व शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के निशान थे। शव बेड पर पड़ा हुआ था। घर में महिला के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपितों की पहचान की। टेक्निकल सर्विलांस के जरिये दोनों आरोपितों को नंद नगरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित उमेश ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। उसने एक फाइनेंसर से पांच लाख रुपये का लोन लिया हुआ था। उसे कारोबार में घाटा हो रहा था। वह लोन चुका नहीं पा रहा था। इसलिए उसने लूट की योजना बनाई और विरोध पर मौसी की हत्या कर दी।।
Tags
दिल्ली