लोनी में 17 अवैध फैक्ट्रियां सील, बिजली काटी

प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर एसडीएम केनेतृत्व में की गई बड़ी कार्रवाई


गाजियाबाद।
लोनी क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध और प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कुल 17 फैक्ट्रियों को सील कर उनकी बिजली आपूर्ति काट दी गई। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बहटा हाजीपुर के शक्ति विहार इलाके में संयुक्त टीम ने व्यापक निरीक्षण किया।
लोनी एसडीएम दीपक सिंघनवाल ने बताया कि लोनी इलाके में अवैध और प्रदूषणकारी कारखानों के संचालित होने की शिकायतें लगातार मिल रही थी जिसके मद्देनजर बुधवार को बेहटा हाजीपुर के शक्ति विहार में 17 फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की गई। अभियान में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर पालिका परिषद लोनी, विद्युत विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें शामिल थीं। इन विभागों के अधिकारियों ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
मौके पर नायब तहसीलदार रति गुप्ता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता सतेन्द्र प्रताप सिंह और नगर पालिका परिषद लोनी के जोन इंचार्ज विकास कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल ने स्पष्ट किया कि लोनी क्षेत्र में अवैध और प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों को किसी भी कीमत पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने