गाजियाबाद में तीन और जासूस गिरफ्तार, अब तक 18 दबोचे

कम उम्र के गरीब लड़कों को पैसे का लालच देकर कराया जा रहा देश विरोधी काम


गाजियाबाद। जिले में देश विरोधी गतिविधियों और संवेदनशील सूचनाओं को विदेश भेजने वाले संगठित गिरोह में गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी है। इस मामले में तीन और संदिग्ध गिरफ्तार किए गए है और अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। 
बता दें कि थाना कौशाम्बी क्षेत्र में 14 मार्च को सूचना मिली थी थी कि भोवापुर इलाके में रहने वाले कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। ये लोग रेलवे स्टेशन, सुरक्षा बलों के ठिकानों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के वीडियो और फोटो बनाकर विदेश में बैठे लोगों को भेजते थे। साथ ही, पैसों का लालच देकर अन्य युवाओं को भी इस काम में शामिल किया जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने शुरूआती चरण में 5 पुरुष और 1 महिला को गिरफ्तार किया था। उनके मोबाइल फोन की जांच में कई संवेदनशील स्थानों के वीडियो, फोटो और लोकेशन डाटा बरामद हुआ। जांच के दौरान 17 मार्च से आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके आधार पर 20 मार्च को 9 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जिनमें 5 नाबालिग भी शामिल थे। ताजा कार्रवाई में रविवार 22 मार्च को मुख्य आरोपी नौशाद अली उर्फ लालू को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर एक महिला आरोपी मीरा और एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। 
पूछताछ में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क सीमापार बैठे हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहा था। गिरोह के प्रमुख सदस्यों में सुहैल मलिक, नौशाद अली और समीर उर्फ शूटर शामिल हैं, जिनमें से सुहैल मलिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जुड़े थे और उन्हें विशेष ऐप्स के माध्यम से फोटो-वीडियो भेजने की ट्रेनिंग दी गई थी। ये लोग खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर और तकनीकी जानकारी रखने वाले युवाओं को निशाना बनाते थे, ताकि उनसे संवेदनशील स्थानों की रेकी कराई जा सके। महिला आरोपी मीरा का काम हथियारों की तस्करी करना था और वह पहले भी दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने