मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर बैंक अकाउंट खाली करने वाले 3 शातिर ठग शिकंजे में

गाजियाबाद पुलिस ने 16 राज्यों में 3 करोड़ की ठगी का किया खुलासा: 12 मोबाइल, 2 लैपटॉप, 8 सिम कार्ड व कार बरामद


गाजियाबाद।
जिले की थाना साइबर क्राइम टीम ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो मोबाइल फोन में घातक एपीके (एंड्रॉयड पैकेज किट) फाइल भेजकर लोगों के बैंक खाते खाली कर देता था। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने उत्तर प्रदेश समेत देश के 16 राज्यों में करीब 3 करोड़ रुपये की 94 साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को लुभावने ऑफर या अन्य बहानों से फर्जी लिंक या एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई पीड़ित उस फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल करता था, उसका मोबाइल फोन पूरी तरह से हैक हो जाता था। इसके बाद आरोपी रिमोट एक्सेस के जरिए पीड़ित के मोबाइल की स्क्रीन देख लेते थे और बैंकिंग ऐप, पासवर्ड व ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से मोटी रकम पार कर देते थे। साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सटीक गोपनीय सूचना के आधार पर जाल बिछाकर तीन शातिरों को दबोचा। इनकी पहचान पिन्टू कुमार निवासी जमुई बिहार, आदर्श कुमार निवासी जमुई बिहार और प्रशांत दीप निवासी देवघर झारखंड के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए 12 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 8 सिम कार्ड और एक कार बरामद की है। पकड़े गए उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा गया है ताकि इनके द्वारा किए गए अन्य अपराधों का कच्चा चिट्ठा खोला जा सके। 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था और ठगी की रकम को फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर तुरंत निकाल लेता था। गाजियाबाद पुलिस अब उन सभी 16 राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर रही है जहां इस गिरोह ने वारदातें की हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और उनसे जुड़े संदिग्ध बैंक खातों की भी गहनता से जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने