गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक को चाकू मारने वाला गुलफाम भी ढेर

छोटे भाई जीशान का लोनी में तो बड़े भाई गुलफाम का इंदिरापुरम में फुल एनकाउंटर


गाजियाबाद। होली से ठीक एक दिन पहले यानि मंगलवार रात को गाजियाबाद पुलिस ने यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमला मामले में दूसरे आरोपी गुलफाम को भी ढेर कर दिया है। पुलिस की ओर से एक दिन पहले ही गुलफाम पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले उसके छोटे भाई जीशान को पुलिस ने रविवार को एनकाउंटर में मार गिराया था। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और इंस्पेक्टर अनिल राजपूत की टीम ने इंदिरापुरम में बदमाश गुलफाम को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। तीन दिनों के भीतर गाजियाबाद पुलिस का यह दूसरा फुल एनकाउंटर है। इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
गुलफाम के खिलाफ सोमवार को गाजियाबाद पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद से लगातार गुलफाम के लोकेशन की खोज चल रही थी। सीएम योगी आदित्यनाथ के मामले में कड़े तेवर अपनाए जाने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। रविवार को सलीम वास्तिक पर हमला मामले में जीशान को ढेर किया गया। अब उसके बड़े भाई फरार चल रहे गुलफाम को भी ढेर कर दिया गया है।
दरअसल, गाजियाबाद क्राइम ब्रांच को मंगलवार को सलीम वास्तिक के हमलावर मोहम्मद गुलफाम की इंदिरापुरम इलाके में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे घेरा। उसे भागने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे ढेर किए जाने की बात सामने आई है। एनकाउंटर की जानकारी मिलते ही गाजियाबाद पुलिस के सीनियर अधिकारी इंदिरापुरम पहुंचे। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने एनकाउंटर को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच देहात जोन की पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम कर रही थी। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि मामले में फरार एक लाख का इनामी गुलफाम इंदिरापुरम क्षेत्र में आने वाला है। इसके बाद एक्शन की तैयारी शुरू हुई।
एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि सूचना पर क्राइम ब्रांच एवं इंदिरापुरम पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान एलिवेटिड रोड के नीचे वसुंधरा में बाइक सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस घटना में पुलिस के दो जवान घायल हुए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गुलफाम के सीने में एक गोली लगी। वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथ आ रहा उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में कॉम्बिंग कर रही हैं। आरोपित के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, तमंचा, कारतूस, चाकू और बाइक बरामद की है।
बता दें कि पूर्व मुस्लिम युट्यूबर सलीम वास्तिक पर लोनी इलाके में उनके ही घर में घुसकर चाकू मारे गए थे। उस जानलेवा हमला के मामले में जीशान और गुलफाम का नाम सामने आया था। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे हमले के बाद खून से सने कपड़ों में बाइक से भागते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। जीशान को पुलिस ने लोनी इलाके में मुठभेड़ के दौरान ढ़ेर किया था।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने