अगवा बच्ची दो सप्ताह बाद बरामद, आरोपी महिला गिरफ्तार


गाजियाबाद। 
पुलिस ने 15 दिन पहले अगवा हुई दो वर्षीय बच्ची को बरामद कर लिया है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसने बच्ची का अपहरण भीख मांगने के उद्देश्य से किया था। यह घटना मुरादनगर दिल्ली-मेरठ मार्ग पर डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क परिसर में 10 मार्च को हुई थी। बस स्टैंड के पीछे झुग्गी में रहने वाली ज्योति अपनी दो बेटियों, दस वर्षीय नंदनी और दो वर्षीय पायल के साथ भीख मांग रही थी। ज्योति ने अपनी दोनों बेटियों को पार्क में बैठा दिया और खुद भीख मांगने चली गई। जब ज्योति वापस लौटी, तो उसकी दो वर्षीय बेटी पायल गायब थी। परिजनों ने बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद मेरठ, दिल्ली, नोएडा सहित अन्य शहरों में भी बच्ची की खोजबीन की गई। 
एसीपी मसूरी सर्किल लिपि नगायच ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला बच्ची को लेकर मुरादनगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को बच्ची सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान हसीना उर्फ बुचनिया, निवासी जगतपुरी कॉलोनी, मोदीनगर के रूप में बताई। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और वह कूड़ा बीनने का काम करती है। 10 मार्च को वह मुरादनगर में कूड़ा बीन रही थी, तभी उसे पार्क में बच्ची अकेली बैठी मिली। उसने बच्ची को कोल्ड ड्रिंक देकर अपने साथ ले लिया। महिला बच्ची को लेकर पहले मेरठ गई और फिर लखनऊ जाने के लिए मुरादनगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। उसने बताया कि कूड़ा बीनने से मिलने वाले पैसों से उसका पेट नहीं भरता था। उसका मानना था कि छोटी बच्ची को साथ देखकर लोग अधिक भीख देते हैं, इसलिए उसने बच्ची का अपहरण भीख मांगने के लिए किया था। पायल को पाकर मां ज्योति बिलख उठी और पुलिस को शुक्रिया किया। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने