नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में किसी भी प्रकार के ईंधन की कमी नहीं है. दिल्ली के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी (पैनिक बाइंग) या जमाखोरी न करें और ईंधन आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने पुष्टि की है कि दिल्ली में घरेलू पीएनजी की आपूर्ति स्थिर है। प्राकृतिक गैस के आवंटन में घरेलू पीएनजी और परिवहन क्षेत्र (सीएनजी) के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, तेल विपणन कंपनियों ने भी यह सुनिश्चित किया है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से कार्य कर रही है।
बुकिंग नियमों में बदलाव और डिलीवरी की स्थिति: सरकार ने सूचित किया है कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए न्यूनतम अंतराल को 21 दिनों से संशोधित कर अब 25 दिन कर दिया गया है। हालांकि इस बदलाव के बावजूद उपभोक्ताओं को बुकिंग के औसतन दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी मिल रही है। उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उदाहरण के लिए, अगर पिछला सिलेंडर 1 फरवरी, 2026 को डिलीवर हुआ था, तो अगली बुकिंग 25 दिन पूरे होने पर यानी 26 फरवरी, 2026 को या उसके बाद की जा सकती है। इसके लिए गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता वेब पोर्टल, एसएमएस, आईवीआरएस, मिस्ड-कॉल या व्हाट्सएप का उपयोग कर सकते हैं।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई: वहीं खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने फील्ड अधिकारियों को तैनात किया है, ताकि रिफिल बुकिंग की प्रक्रिया सुगम रहे। प्रवर्तन टीमें (इंफोर्समेंट टीमें) लगातार निरीक्षण कर रही हैं ताकि ईंधन की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जा सके। विशेष रूप से रेस्तरां और भोजनालयों जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सरकार ने यह भी कहा है कि आने वाले समय में कमर्शियल एलपीजी की विनियमित आपूर्ति के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार एक बार फिर सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे ईंधन की उपलब्धता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त रहें और किसी भी प्रकार की घबराहट में आकर खरीदारी न करें।
मुख्य सचिव ने दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग को कालाबाजारी रोकने के लिए निर्देश: मुख्य सचिव ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद जनता से अपील की है कि वे घबराहट में आकर (पैनिक बाइंग) अनावश्यक भंडारण न करें। दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग को गैस की चोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। तेल और गैस की सप्लाई पहले की तरह ही निरंतर जारी है। मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान कहा कि कुछ असामाजिक तत्व वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देकर ईंधन की कमी की झूठी खबरें फैला रहे हैं. सरकार ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। राजधानी में जरूरत के अनुसार तेल और गैस की उपलब्धता बनी हुई है और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति जैसे हालात नहीं हैं।
Tags
दिल्ली