सावधान! अब सिलेंडर बना ठगों का हथियार...दिल्ली पुलिस ने किया चौकन्ना

 नया खेल....'जल्दी लिंक पर क्लिक करें वरना किसी और को दे दिया जाएगा आपका सिलेंडर'

 

नई दिल्ली।
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग और गैस की किल्लत ने आम आदमी की रातों की नींद पहले ही उड़ा रखी है। ऊपर से अब साइबर ठगों ने भी जनता की इसी घबराहट को अपनी कमाई का नया जरिया बना लिया है।
अगर आपके पास भी अचानक किसी अनजान नंबर से कॉल आए और सामने वाला खुद को आपकी 'गैस एजेंसी' का कर्मचारी बताए, तो तुरंत फोन काट दीजिए! दरअसल, साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया 'LPG मॉडल' तैयार किया है। 12 मार्च को दिल्ली पुलिस (@DelhiPolice) ने अपने आधिकारिक हैंडल से एक वीडियो शेयर कर जनता को इस नए झांसे से अलर्ट किया है।
दिल्ली पुलिस द्वारा शेयर किए गए जागरूकता वीडियो में ठगी का पूरा तरीका समझाया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक अनजान नंबर से शख्स को कॉल आता है। ठग बोलता है कि सर, मैं आपकी गैस एजेंसी से बोल रहा हूं। क्या आपने सिलेंडर बुक कर लिया? इस पर शख्स कंफ्यूज होकर कहता है- सिलेंडर? क्या मतलब? इस पर ठग का जवाब आता है- अरे.. आपको पता नहीं है क्या? ईरान युद्ध की वजह से भारत में पेट्रोल और LPG की भारी कमी होने वाली है। अगर आपने अभी बुक नहीं किया तो आपके कोटे का सिलेंडर किसी और को दे दिया जाएगा। शख्स घबराते हुए बोलता है- क्या मतलब मुझे नहीं मिलेगा...? इसके तुरंत बाद ठग वॉट्सऐप या मैसेज पर एक फर्जी लिंक भेजता है और कहता है कि इस पर क्लिक करके अपनी बैंक डिटेल भरिए, वरना सिलेंडर कैंसिल हो जाएगा।
इस वीडियो के अंत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने आम जनता को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा- अगर आपको भी पेट्रोल और एलपीजी का डर दिखाकर कोई लिंक भेजा जा रहा है, तो सावधान हो जाइए। यह साइबर ठगों का नया तरीका है। ऐसे अनऑथराइज्ड लिंक पर क्लिक ना करें और अपने बैंक या OTP की जानकारी किसी के साथ शेयर ना करें।" अधिकारी ने साफ किया कि इन कॉल्स का मकसद सिर्फ गैस संकट की अफवाह फैलाकर लोगों का बैंक खाता खाली करना है।
दिल्ली पुलिस ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा- LPG सिलेंडर की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाह साइबर ठगों द्वारा बुना गया एक झांसा है। इस तरह के किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अगर आपके या आपके किसी जानने वाले के पास ऐसा कोई कॉल आता है, तो घबराएं नहीं। तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने