सीमापुरी में लड़की को चाकू मारने के कुछ घंटों बाद आरोपी की सिलेंडर विस्फोट में मौत


नई दिल्ली
:
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में शुक्रवार शाम एक घर में संदिग्ध सिलेंडर विस्फोट में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. इस घटना से कुछ घंटे पहले ही उसने एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर चाकू से हमला दिया था. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीमापुरी थाने में शाम 5:33 बजे एक पीसीआर कॉल पर सूचना दी गई कि पुरानी सीमापुरी की रविदास मंदिर वाली गली में एक लड़की को चाकू मारा गया है और वह गंभीर रूप से घायल हालात में बेहोश पड़ी है. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि घायल लड़की को पहले ही गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया जा चुका है. उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के मुताबिक लड़की अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है. पीड़ित लड़की के शरीर पर चाकू के कई घाव हैं और उसका उपचार जारी है. उनके मुताबिक इस बाबत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है.
शनिवार को पुलिस ने बताया, “इसी बीच, एक अन्य संबंधित घटना में इसी थाने को न्यू सीमापुरी के एक घर में सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि जतिन (24) नाम के युवक की विस्फोट से लगी आग में मौत हो गई है.” अधिकारी ने कहा कि घटना के समय वह घर में अकेला था. उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जतिन वही व्यक्ति था जिसने दिन में लड़की को चाकू मारा था. पुलिस ने कहा कि हम घटनाओं के क्रम और हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं. टीम सभी संभावित पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है. 
अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीमों ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सिलेंडर विस्फोट आकस्मिक था या जानबूझकर किया गया था. डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. घटना के कारणों और दोनों के बीच संबंधों की पड़ताल की जा रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने