स्थानीय लोगों के साथ कांग्रेस नेता अकबर चौधरी ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात 4 साल की बच्ची की हत्या से इलाके में आक्रोश फैल गया है। बच्ची की हत्या उसके मामा ने की है। इस मामले में रविवार को कांग्रेस के यूपी महासचिव अकबर चौधरी ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ एनकाउंटर की कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके।
अकबर चौधरी ने बताया कि इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा है, जो समाज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आरोपी मामा अपनी 4 साल की भांजी को अपने साथ बाहर ले गया था। शनिवार शाम को जब परिवार ने बच्ची के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि वह उसे घर के बाहर छोड़ आया है। इसके बाद परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार देर रात पुलिस को बीकानेर 80 फुटा रोड पर बच्ची का शव मिला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है। आरोपी के एनकाउंटर की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन करने वालों में गुलफाम चौधरी, निजामुद्दीन, कमरून मुदशर, आस मोहम्मद, चौ0 अहसान, शमशाद, गुड्डू, समीर, वसीम, सलमान, बाबू आदि शामिल रहे।
Tags
गाजियाबाद