हिन्दू दामाद की हत्या में ससुर-साले की गिरफ्तारी के बाद अब दो और सलाखों के पीछे भेजे गए
गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की रंजिश में एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ससुराल पक्ष ने की। पुलिस के अनुसार, मृतक नितिन ने महरदीन की बेटी मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से नाराज होकर ससुराल पक्ष ने नितिन से बदला लेने की साजिश रची थी। यह घटना 30 मार्च 2026 को हुई थी। आरोपियों ने नितिन को बातचीत के बहाने लोनी बंद फाटक के पास बुलाया। वहां से उसे जबरन एक सेंट्रो कार में बैठा लिया गया। कार के अंदर ही आरोपियों ने नितिन के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो अन्य वांछित आरोपियों आसिफ और साजन को हिंडन पुल फतेहनगर के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेंट्रो कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि लोनी क्षेत्र के गीतांजलि कॉलोनी में रहने वाले नितिन राठी ने 1 साल पहले मुस्कान नाम की युवती के साथ शादी की थी। शादी का सर्टिफिकेट भी जारी हुआ था। नितिन बेहोशी की हालत में भनेड़ा पुलिया के पास मिला था। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जहां से उसे पहले लोकल अस्पताल और फिर दिल्ली भेजा गया. दिल्ली में अस्पताल में उसको मृत घोषित कर दिया. नितिन की उम्र 32 वर्ष थी।
Tags
गाजियाबाद