कम्पोजिट विद्यालय के छात्रों की रैली ने जगाई शिक्षा की अलख
गाजियाबाद। वार्ड-10 स्थित कम्पोजिट विद्यालय पप्पू कॉलोनी में 'स्कूल चलो' जागरूकता अभियान एवं प्रवेश उत्सव के तहत छात्रों ने रैली निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य के नेतृत्व में स्कूल परिसर से गली नंबर 1, 2, 3, 4, छाबड़ा कॉलोनी, पप्पू कॉलोनी और विक्रम एन्क्लेव तक रैली निकाली। इस दौरान बच्चों ने नारों और संदेशों के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया।
रैली में शामिल शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकतार्ओं ने भी घर-घर जाकर लोगों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की। इस अभियान के दौरान कई अभिभावकों ने अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने की सहमति भी जताई। रैली में बच्चों का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम में विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिववती पाण्डेय, सहायक अध्यापिका निशा चौहान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भोली रानी और रीता रानी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
Tags
गाजियाबाद