हथियारों का जखीरा बरामद, अलीगढ़ से खरीदते थे अवैध हथियार
नई दिल्ली। राजधानी में संगठित अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. क्राइम ब्रांच ने कुख्यात नरेंद्र गैंग के दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया.
आरोपियों की पहचान शकूरपुर निवासी 25 वर्षीय रणधीर उर्फ विजय निवासी और स्वरूपपुर निवासी 28 वर्षीय परवेश उर्फ मोहम्मद दानिश के रूप में हुई. दोनों लंबे समय से लूट, स्नैचिंग और हथियारों से जुड़े मामलों में सक्रिय थे. पुलिस आयुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार के मुताबिक, 11 अप्रैल को टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश भलस्वा झील के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं.
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पुखराज सिंह के नेतृत्व में टीम ने इलाके में जाल बिछाया और दोनों को मौके से दबोच लिया. तलाशी के दौरान परवेश के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस, जबकि रणधीर के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अवैध हथियार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से खरीदते थे। एक पिस्टल की कीमत करीब 30 से 35 हजार रुपये और देसी कट्टा करीब 10 हजार रुपये में मिलता था. इन हथियारों का इस्तेमाल वे खुद वारदात में करते थे और गैंग के अन्य सदस्यों को भी सप्लाई करते थे. जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं. परवेश के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज हैं, जबकि रणधीर पर भी चोरी, स्नैचिंग और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय गैंग की आपराधिक गतिविधियों पर असर होगा. फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है, ताकि भविष्य में होने वाली वारदातों को रोका जा सके.
Tags
दिल्ली