फायर सर्विस डे पर गाजियाबाद फायर विभाग ने जारी किया क्यूआर कोड

क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी फायर ब्रिगेड की सहायता,  दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई

गाजियाबाद। आग की घटनाओं में समय पर सहायता उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि थोड़ी सी देरी भी जान माल के बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। अक्सर देखा गया है कि आग लगने की स्थिति में लोग घबराहट में सही कदम नहीं उठा पाते या फिर अग्निशमन विभाग से संपर्क करने में दिक्कतों का सामना करते हैं। कई बार देखा गया है कि फायर ब्रिगेड का फोन नंबर नहीं मिल पाता या लोगों को नजदीकी फायर स्टेशन की जानकारी ही नहीं होती है। ऐसे में आग लगने पर अग्निशमन विभाग तक सूचना पहुंचाने में देरी हो जाती है जिसके चलते आग बुझाने का काम देरी से शुरू हो पता है। इन्हीं तमाम समस्याओं को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद अग्निशमन विभाग ने फायर सर्विस डे के अवसर पर एक नई पहल की शुरूआत कर दी है। 
नई पहल के तहत अग्निशमन विभाग द्वारा एक विशेष क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसे स्कैन करते ही जिÞले के सभी फायर स्टेशनों की लोकेशन और उनके कांटेक्ट नंबर तुरंत उपलब्ध हो जाएंगे। यह नई पहल आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
अग्निशमन विभाग द्वारा जारी किए गए दफ कोड को स्कैन करते ही जिले के सभी फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम के नंबर और लोकेशन उपलब्ध हो जाएगी। यदि नजदीकी फायर स्टेशन का नंबर किसी कारणवश नहीं लग पाता है तो व्यक्ति दूसरे किसी भी फायर स्टेशन के नंबर पर सूचित कर सकता है। इसके बाद संबंधित फायर स्टेशन का कंट्रोल रूम सूचना को तुरंत नजदीकी फायर स्टेशन को भेज देगा। दरअसल, नई पहल का उद्देश्य सुनिश्चित करना है कि आग बुझाने के लिए फायर विभाग की टीम बिना किसी देरी के तुरंत मौके पर पहुंच सके। कुल मिलाकर इस पहल का उद्देश्य रिस्पांस टाइम को कम करना है। 
गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, जिले में इस योजना को सफल बनाने के लिए विभाग द्वारा एक विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। विशेष अभियान के तहत कर कोड को अधिक से अधिक सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाया जाएगा ताकि जरूरत पड़ने पर लोग आसानी से इसका उपयोग कर सकें। क्यूआर कोड को स्कूलों, हाई राइज सोसाइटी, अस्पतालों, शॉपिंग मॉल, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्र में प्रमुखता से चस्पा और प्रदर्शित किया जाएगा। मंगलवार को फायर सर्विस डे के उपलक्ष्य में गाजियाबाद में फायर स्टेशन वैशाली पर स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। जहां दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 
अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत फायर स्टेशन वैशाली से अग्निशमन वाहनों की रैली का आयोजन किया गया। अग्निशमन वाहनों की रैली को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी द्वारा हरी झंडी दिखाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार प्रसार के लिए रवाना किया गया। बता दें कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर मालवाहक जहाज फोर्ट स्टीकेन में भयंकर आग लग गई थी। जहाज में रुई की गांठें, विस्फोटक सामग्री और युद्ध के उपकरण रखे हुए थे। आग को बुझाते समय विस्फोट से 66 अग्निशमनकर्मी शहीद हो गए थे। तब से हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन विभाग इन शहीदों को याद कर उनको श्रद्धांजलि देता है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने