खूनी खेल: घंटे भर साथ रहा आरोपी; अफेयर में हत्या की आशंका
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी में एक पीजी में के बेड के बॉक्स में एक विवाहित महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि 35 वर्षीय महिला की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बाहरी जिला के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक महिला परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में पति के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। महिला का पति एक निजी कंपनी में नौकरी करता है जबकि खुद वह कोठियों में जाकर घरेलू सहायिका का काम करती थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मंगलवार को महिला दो लाख रुपये लेकर घर से निकली थी।डीसीपी के मुताबिक 35 वर्षीय महिला का शव 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) के बेड के बॉक्स में से बरामद हुआ है और उस पर गला घोंटे जाने के निशान हैं। सात अप्रैल को मंगोलपुरी थाने में सूचना दी गई कि पत्थर मार्केट स्थित एक इमारत के एक कमरे में एक महिला के बेहोश पड़े होने का संदेह है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि इमारत की तीसरी मंजिल पर एक व्यक्ति पीजी का संचालन कर रहा है। कमरे की तलाशी के दौरान, एक महिला का शव बेड के बॉक्स से बरामद किया गया। शव पर गला घोंटे जाने के स्पष्ट निशान थे और माथे पर चोट का निशान था। शुरूआती जांच में पता चला कि उसके आरोपी दीपक के साथ प्रेम संबंध थे। पुलिस ने बताया कि सात अप्रैल को विवाहित महिला पीजी में आई थी और शाम करीब 4:30 बजे उसकी मुलाकात आरोपी दीपक से हुई, जो स्वयं भी शादीशुदा है। दोनों करीब एक घंटे तक एक कमरे में रहे। आरोपी के चले जाने के बाद पीजी मालिक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। जांच के आधार पर आठ अप्रैल को मंगोलपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बुधवार को मंगोलपुरी निवासी तीन आरोपियों सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और दीपक (22) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि घटना के समय दो अन्य आरोपी सुरेंद्र और जोगिंदर भी पीजी में मौजूद थे, जिससे तीनों व्यक्तियों द्वारा महिला का कथित यौन उत्पीड़न किए जाने की भी आशंका है तथा इस दिशा में भी जांच की जा रही है। पीड़िता और आरोपी के बीच संबंधों की प्रकृति, किसी भी संभावित विवाद और घटना से संबंधित अन्य परिस्थितियों सहित हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
Tags
दिल्ली