निकलने के लिए छटपटाता रहा नाबालिग चोर, पुलिस ने निकाला
साहिबाबाद। आए दिन खाली घरों में चोरी होने की सूचना पुलिस को मिलती रहती है, लेकिन गाजियाबाद से चोरी की ऐसी घटनाएं सामने आने लगी हैं जिनमें चोर खुद ही शिकार हो रहे हैं। कुछ दिन पहले कौशांबी इलाके में एक डॉक्टर के क्लिनिक में चोरी की नीयत से घुसे चोर की गर्दन शटर में फंस गई थी तो वहीं अब शालीमार गार्डन इलाके में एक चोर लोहे की ग्रिल में फंस गया और निकलने के लिए छटपटाता रहा।दरअसल, शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग चोर बंद मकान में चोरी करने के इरादे से घुसा, लेकिन वह लोहे की बनी ग्रिल में बुरी तरह से फंस गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोर को ग्रिल के गैप से सुरक्षित निकाला। घर में कोई चोरी नहीं होने पर मालिक ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। बताया जा रहा है कि चोर नाबालिग था। मौके पर पहुंची पुलिस जब किशोर को थाने लेकर आई तो वह नशे की हालत में था। वहीं, ग्रिल में फंसे होने का वीडियो वहां से गुजर रहे लोगों ने बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। पुलिस ने किशोर का मेडिकल कराया और उसे हिदायत देकर छोड़ दिया। मकान मालिक ने घर को सुरक्षित पाया और कोई कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। ऐसे मामले गाजियाबाद शहर में चर्चा का विषय बन रहे हैं तो वहीं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल रहे हैं।
Tags
गाजियाबाद