गिरोह के सदस्य बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात देते थे अंजाम
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल हो गए। वहीं उनके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान और अवैध असलहा बरामद किया गया है। गुरुवार को जब थाना सूरजपुर पुलिस मोजर वियर गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी, इस दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइकों पर सवार चार संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। हालांकि, उन्होंने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर जंगल की तरफ भागना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।घायल बदमाशों की पहचान मुकेश उर्फ मुक्के और आकाश के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान इनके दो अन्य साथियों देवेन्द्र शर्मा और सतपाल को भी दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इन चारों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मुकेश पर हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 9 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं देवेन्द्र शर्मा के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट के रिकॉर्ड 19 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सतपाल के ऊपर लूट और चोरी के 14 मुकदमे और आकाश पर चोरी और आर्म्स एक्ट के 7 मुकदमों में नामजद है। तलाशी के दौरान पुलिस को इनके पास से चोरी का वह सामान भी बरामद हुआ है, जो इन्होंने हाल ही में तिलपता और देवला गांव से चुराया था। पुलिस ने इनके कब्जे से, 4 अवैध तमंचे और कारतूस, एक फ्रिज, एक एलईडी टीवी, एक बैटरी और इन्वर्टर, तिजोरी तोड़ने के लिए ड्रिल मशीन और रॉड और बिना नंबर प्लेट की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अब इनके अन्य वारदातों की भी कुंडली खंगाल रही है।
Tags
नोएडा