गंदगी में बन रहा था टूथपेस्ट, हजारों ट्यूब जब्त कर मालिक को गिरफ्तार किया गया
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली उत्पाद बनाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए महावीर विहार इलाके में चल रही अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और मशीनरी बरामद की गई है।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। आरोपी सस्ते और अस्वच्छ तरीके से तैयार किए गए लोकल पेस्ट को नामी ब्रांड के खाली ट्यूब में भरते थे, फिर मशीन के जरिए सील कर उसे असली उत्पाद की तरह पैक कर बाजार में सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के नकली उत्पाद न सिर्फ उपभोक्ताओं के साथ धोखा हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। पुलिस को 2 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि महावीर विहार स्थित एक गोदाम में बड़े पैमाने पर नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी की।
मौके पर छह मजदूर ट्यूब फिलिंग और पैकिंग का काम करते हुए मिले। जांच में पाया गया कि वहां बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के अवैध उत्पादन चल रहा था। छापे के दौरान एक ट्यूब फिलिंग और सीलिंग मशीन, करीब 1800 भरे हुए नकली ट्यूब, 10 हजार से अधिक खाली ट्यूब, 1200 से ज्यादा पैक्ड ट्यूब, 50 किलो से ज्यादा पैकेजिंग कार्टन, हजारों कैप, ग्लू, हीटिंग गन और करीब 130 किलो नकली पेस्ट बरामद किया गया। जांच में इस फैक्ट्री के मालिक के रूप में हरी ओम मिश्रा की पहचान हुई, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने गोदाम किराए पर लेकर यह अवैध धंधा शुरू किया था और लंबे समय से बाजार में नकली उत्पाद सप्लाई कर रहा था।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लायर्स और वितरण चैनल की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े नकली उत्पाद गिरोह पर रोक लगी है और आगे भी इस तरह के रैकेट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Tags
दिल्ली