कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक, आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके स्थित बिहारी कॉलोनी में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली रेलवे की पार्किंग में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पार्किंग में खड़ी करीब 10 गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में एक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से अन्य वाहनों तक फैल गई। पार्किंग में गाड़ियां बेहद करीब खड़ी होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। गीता स्टेशन के फायर अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि शाम 5 बजकर 56 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत तीन से चार दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के इलाके में फैलने से रोक लिया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया था, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अधिकारियों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से आग लगी हो सकती है. पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके.
Tags
दिल्ली