आधुनिक मशीनों से होगा कचरा निस्तारण, सिटी जोन को मिलेगा लाभ
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने शहर की कचरा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक नया कदम उठाया है। सिटी जोन के हिंडन विहार रेत मंडी में स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का उद्घाटन महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया। इस दौरान नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम शहर के विभिन्न जोनों में पहले से ही स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन चला रहा है। सिटी जोन में यह नई सुविधा शुरू होने से स्थानीय निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह स्टेशन शहर के विभिन्न वार्डों और गलियों से एकत्र कचरे को प्रोसेसिंग यूनिट तक पहुंचाने में मदद करेगा।
यहां गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके आधुनिक मशीनों और कंपैक्टर बीन की सहायता से निस्तारित किया जाएगा। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। इससे कचरा निस्तारण का कार्य तेज और व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा। उन्होंने बताया कि यह स्टेशन बड़ी मात्रा में कचरा संभालने की क्षमता रखता है, जिससे शहर की स्वच्छता में काफी सुधार आएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पहले सिटी जोन में ट्रांसफर स्टेशन न होने के कारण कचरा प्रबंधन में दिक्कतें आती थीं। अब इस नई सुविधा से कचरे को सीधे प्रोसेसिंग यूनिट तक पहुंचाया जा सकेगा, जिसके लिए कई कैप्सूल वाहनों का उपयोग किया जाएगा। नगर निगम के अनुसार, आधुनिक मशीनों और बेहतर व्यवस्था के माध्यम से शहर में स्मार्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य गाजियाबाद को स्वच्छ और बेहतर शहर बनाना है।
Tags
गाजियाबाद