फुट ओवर ब्रिज के पिलर पर चढ़ा युवक, आधे घंटे चले रेस्क्यू से बची जान
गाजियाबाद। नया बस अड्डा स्थित शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति नमो भारत ट्रेन को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज के ऊंचे पिलर पर चढ़ गया। व्यक्ति काफी ऊंचाई पर पहुंचकर हंगामा करने लगा और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मेट्रो कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिलर पर चढ़ा व्यक्ति कई बार नीचे कूदने की कोशिश करता दिखाई दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
पुलिसकर्मियों और मेट्रो कर्मचारियों ने लगातार उससे बातचीत कर शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद टीम ने व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया। रेस्क्यू के दौरान कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक की जान बचाई। घटना के दौरान आसपास लोगों की भारी भीड़ लगी रही और कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस व्यक्ति से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Tags
गाजियाबाद