वसुंधरा से भोपुरा तक जहरीले धुएं ने बढ़ाई लोगों की चिंता
साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में खुलेआम कूड़ा जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे वायु प्रदूषण गंभीर रूप लेता जा रहा है। वसुंधरा सेक्टर-8 स्थित बुद्ध चौक के पास आवास विकास परिषद की खाली पड़ी जमीन पर आए दिन कूड़ा जलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कूड़ा जलने से उठने वाला जहरीला धुआं आसपास रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चिंटू ने बताया कि यदि समय रहते इस समस्या पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में यह बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन सकती है।
लोगों ने नगर निगम और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुले में कूड़ा जलाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि केवल औपचारिकता निभाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि स्थायी व्यवस्था बनानी होगी। इधर, भोपुरा से तुलसी निकेतन तक भी सड़क किनारे कूड़े के ढेरों में आग लगाए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि कूड़े के निस्तारण के नाम पर आग लगाई जा रही है, जिससे पूरा इलाका धुएं की चपेट में आ जाता है। इससे अस्थमा, टीबी और अन्य सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि मामले का निरीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कूड़ा जलाने के लिए जिम्मेदार विभाग या एजेंसी को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद