कौशाम्बी पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 कुंतल नकली पनीर पकड़ा

जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबाया, 3 लाख रुपए कीमत


गाजियाबाद।
जनपद के कौशाम्बी थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 कुंतल नकली पनीर बरामद किया है। बरामद पनीर की बाजार में कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने जांच के बाद पूरे पनीर को असुरक्षित मानते हुए जेसीबी की मदद से नष्ट करा दिया।
जानकारी के अनुसार यह नकली पनीर उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के ढबारसी गांव से दिल्ली ले जाया जा रहा था। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य सामग्री की सप्लाई की लगातार सूचना मिल रही थी। इसी के चलते संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें यह बड़ी खेप पकड़ी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पनीर की जांच की और उसे मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताया। विभाग का कहना है कि यदि यह नकली पनीर दिल्ली की बाजारों तक पहुंच जाता तो हजारों लोगों की सेहत खतरे में पड़ सकती थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि 10 कुंतल पनीर से करीब 6 से 7 हजार लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंच सकती थी। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा खतरा टल गया। उन्होंने बताया कि नकली और मिलावटी पनीर के सेवन से पेट, लिवर और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
फिलहाल कौशाम्बी थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नकली पनीर की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने